
दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में NH-30 पर हुआ हादसा, रायपुर से लखनऊ जा रही थी बस
कवर्धा/ रायपुर-जबलपुर NH 30 पर हीरापुर स्थित दुबे ढाबा के पास रविवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्री की जन हानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बस रायपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हीरापुर के पास पहुंची, अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दशरंगपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।



