
विश्व साइकिल दिवस पर कबीरधाम पुलिस की साइकिल रैली
कवर्धा/ विश्व साइकिल दिवस और “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने रविवार को फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए विशेष साइकिल रैली और वॉकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में निकली इस रैली में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कवर्धा से हुई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला, एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर, अखिलेश कौशिक, भूपत सिंह, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतिभागियों ने पहले शहर के प्रमुख मार्गों और काली गार्डन क्षेत्र में पैदल वॉकिंग की। इसके बाद साइकिल रैली निकालकर लोगों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से दैनिक जीवन में साइकिलिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि साइकिल चलाने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है।



