
कवर्धा/कबीरधाम पुलिस ने आरडीएसएस योजना के तहत विद्युत सामग्री के गबन और चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 29 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद कर जप्त की है, जिसमें चोरी की गई विद्युत केबल, कंडक्टर, एक आईशर ट्रक और महिंद्रा एक्सयूवी 3XO वाहन शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चौकी दशरंगपुर, थाना पिपरिया और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की। मामले की शिकायत ठेकेदार कंपनी के प्रतिनिधि शैलेन्द्र वर्मा ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि आरडीएसएस योजना के तहत ग्राम कोसमंदा में चल रहे विद्युत कार्य के लिए जारी केबल, कंडक्टर और अन्य सामग्री को अधिकृत प्रतिनिधि सोनु तिवारी एवं उसके साथियों द्वारा चोरी-छिपे बाहर ले जाकर बेचा जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2470 किलोग्राम विद्युत केबल एवं कंडक्टर, घटना में प्रयुक्त आईशर ट्रक और महिंद्रा एक्सयूवी 3XO वाहन बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनु तिवारी, दिनेश प्रताप शर्मा, अभिषेक बघेल, ददनु तिवारी और घनश्याम आजाद शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।
बरामद संपत्ति:
विद्युत केबल एवं कंडक्टर (2470 किलोग्राम) – ₹6 लाख
आईशर ट्रक – ₹15 लाख
महिंद्रा एक्सयूवी 3XO – ₹8 लाख
कुल बरामदगी: ₹29 लाख
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। कबीरधाम पुलिस का कहना है कि शासकीय योजनाओं से संबंधित सामग्री के गबन, चोरी और आर्थिक अपराधों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



