
पंडरिया में 3.76 करोड़ की सड़क परियोजना का भूमिपूजन, धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनेगी सड़क
कवर्धा/पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम प्राणखैरा में धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन किया।
करीब 3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की लंबाई 2.312 किलोमीटर होगी, जिसमें पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है। सड़क निर्माण से धौराबंद, आमादाह, बंशापुर, प्राणखैरा समेत आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। इसके निर्माण से ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है और पंडरिया विधानसभा में दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में पिछले वर्षों में 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत और प्रगति पर हैं, जिनमें कई परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। नई सड़क बनने से दामापुर क्षेत्र और आसपास के गांवों के लोगों को कवर्धा, बोड़ला और रायपुर आने-जाने में दूरी और समय की बचत होगी।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार के सुशासन में पंडरिया विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, खेल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।



