
मवेशियों पर जुल्म! बिना चारा-पानी ठूंसकर ले जा रहे थे 11 मवेशी, रणवीरपुर पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
कवर्धा/कबीरधाम जिले में मवेशियों के अवैध और क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रणवीरपुर पुलिस ने मवेशियों को बिना चारा-पानी के मारते-पीटते हुए परिवहन कर ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मवेशी और परिवहन में इस्तेमाल माजदा वाहन सहित कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 14 सितंबर को चौकी रणवीरपुर पुलिस ने मेन रोड के सामने कार्रवाई करते हुए एक माजदा वाहन को रोका। वाहन में 11 मवेशियों को बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन करते पाया गया।

पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के तेन्दुभाठा निवासी प्रकाश चंद भट्ट, हिरेन्द्र कुमार लोधी और घोटवानी निवासी कृष्णा कुमार साहू शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत के 11 मवेशी और 2 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन क्रमांक CG-07-CA-6546 जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में अपराध क्रमांक 137/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण संशोधन अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(2) के तहत कार्रवाई की गई है।









