कवर्धाछत्तीसगढ़

शोभायात्रा में दिखी यदुवंशी संस्कृति की झलक, मटकी फोड़ और राऊत नाचा रहा आकर्षण

गोविंदा उत्सव में गूंजा जय यादव-जय माधव, 81 टोलियों ने किया मटकी फोड़ का प्रदर्शन

शोभायात्रा में दिखी यदुवंशी संस्कृति की झलक, मटकी फोड़ और राऊत नाचा रहा आकर्षण

गोविंदा उत्सव में गूंजा जय यादव-जय माधव, 81 टोलियों ने किया मटकी फोड़ का प्रदर्शन

कवर्धा। सर्व यादव समाज कबीरधाम की ओर से शनिवार को पारंपरिक गोविंदा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर में निकली शोभायात्रा में यादव समाज के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान जगह-जगह राऊत नाचा और अखाड़ा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। ‘जय यादव, जय माधव’ के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय नजर आया।

सर्व यादव समाज के मीडिया प्रभारी संजय यादव ने बताया कि आयोजन की शुरुआत सुबह श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर में हवन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद दही लूट में शामिल सदस्यों ने खेड़ा पति हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। दोपहर में अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

31 गोपी मटकी और 81 यादवों की टोली रही शामिल

संजय यादव ने बताया कि गोविंदा उत्सव की रैली में इस वर्ष 31 गोपी मटकी रखी गईं। आयोजन में 81 यादवों की टोली शामिल हुई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार भी 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर मटकी नहीं रखी गई। मटकी फोड़ने के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग आयोजन को देखने पहुंचे।

तालाब की झांकी रही आकर्षण

इस वर्ष तालाब में तैयार की गई नई झांकी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। झांकी देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। वहीं यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए राऊत नाचा और अखाड़ा दलों ने अपनी प्रस्तुति दी। महिला यादव समाज की पदाधिकारी भी आयोजन में शामिल रहीं।

इन मार्गों से होकर गुजरी शोभायात्रा

शोभायात्रा श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर से शुरू होकर करपात्री चौक, शीतला मंदिर चौक, हरदेव लाला, ठाकुर पारा, सराफा लाइन, दर्री पारा, ठाकुर देव चौक, नवीन बाजार, गांधी मैदान, वीर स्तंभ चौक, गायत्री मंदिर चौक, अंबेडकर पार्क, राजमहल चौक, बूढ़ा महादेव मंदिर, कचहरी पारा और यूनियन चौक होते हुए श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर पहुंची।

शीतला मंदिर से मटकी रखने वाली गोपियों की टोली मुख्य बाजार और सराफा लाइन होते हुए गांधी मैदान पहुंची। इस दौरान राऊत नाचा, अखाड़ा प्रदर्शन और महिला यादव समाज की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।

सर्व यादव समाज कबीरधाम के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले शहर एवं जिलेवासियों का आभार जताया।

Nohar Das Manikpuri

Founder/Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button