कवर्धाछत्तीसगढ़

विशेष ग्राम सभा में स्व जनगणना प्रक्रिया की दी गई विस्तारपूर्वक जानकारी

ग्रामवासियों से ऑनलाइन भरवाया स्वगणना की जानकारी

विशेष ग्राम सभा में स्व जनगणना प्रक्रिया की दी गई विस्तारपूर्वक जानकारी

ग्रामवासियों से ऑनलाइन भरवाया स्वगणना की जानकारी

कवर्धा/ 24 अप्रैल 2026। पंचायती राज दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कवर्धा विकासखंड के ग्राम बिरकोना में भी विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा मुख्य रूप से शामिल हुए। ग्राम सभा में जनगणना 2027, मोर गांव, मोर पानी अभियान, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान तहसीलदार प्रमोद चंद्रवंशी, मास्टर ट्रेनर अनिल केशरवानी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा ने ग्रामवासियों को बताया कि जनगणना 2027 को विशेष रूप से ग्राम सभा से जोड़ा गया है। यह कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील किया कि जब जनगणना टीम घर-घर जानकारी लेने पहुंचे, तो सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि जनगणना की सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और नागरिकों के हित में इसका उपयोग किया जाएगा।

मास्टर ट्रेनर अनिल केशरवानी ने जनगणना 2027 की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वगणना के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन पंजीयन करने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने स्वगणना के लिए जनगणना पोर्टल का उपयोग करते हुए अपने परिवार एवं मकान से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज की। इस पहल से लोगों में जागरूकता बढ़ी और डिजिटल माध्यम से जनगणना में भागीदारी सुनिश्चित हुई। ग्राम सभा में उपस्थित नागरिकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे गांवों के विकास में मदद मिलेगी और योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचेगा।

जनगणना के दौरान भवन की संख्या, प्रकार, उपयोग, निर्माण की स्थिति (कच्चा, पक्का या अर्ध-पक्का), परिवारों की संख्या तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस एवं इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जो सामाजिक-आर्थिक योजनाओं एवं आधारभूत विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निर्धारित अवधि में अधिकृत प्रगणक पहचान पत्र के साथ घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित करेंगे, ऐसे में नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्व-गणना करने वाले परिवार अपनी आईडी अवश्य साझा करें। जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा है कि सटीक आंकड़े ही योजनाओं को प्रभावी बनाते हैं और विकास को सही दिशा देते हैं।

30 अप्रैल तक चलेगी प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है, जो आगामी 30 अप्रैल तक चलेगी। स्वगणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीयन कर आसानी से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इस पोर्टल में सुबह 06 बजे से रात्रि 12 बजे तक स्वगणना की जानकारी भरी जा सकती है। एक घर से एक ही मोबाइल नंबर से जानकारी भरने के निर्देश दिए गए हैं। पोर्टल में पंजीयन के पश्चात नागरिकों को विशेष सेल्फ इन्यूमेरेशन आईडी प्राप्त होगी जिसे संभालकर रखना होगा। स्वगणना की पूरी प्रक्रिया कैसे पूर्ण करनी है, इससे सम्बन्धित ट्यूटोरियल वीडियो, फ्लो चार्ट सभी जानकारियां उक्त पोर्टल के मेनू पर क्लिक कर आसानी से देखी जा सकती है। प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए स्वगणना में सक्रिय रूप से भाग लें और सटीक एवं अद्यतन आंकड़ों के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Nohar Das Manikpuri

Founder/Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button