
वृद्ध महिलाओं से चेन स्नेचिंग करने वाला गिरोह गिरफ्तार
कवर्धा/कबीरधाम पुलिस ने पिछले दो महीने से जिले में वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, सोने के आभूषण और नकदी सहित कुल 3 लाख 41 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में साइबर सेल, थाना पिपरिया, थाना पांडातराई और चौकी पौड़ी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए झपटमारी के पांच मामलों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले गांवों की रेकी करते थे, फिर अकेली और वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने-चांदी के आभूषण छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।
पुलिस ने मुख्य आरोपी नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि लूटे गए आभूषणों को नितीश बंशे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया को बेच दिया जाता था। पुलिस ने इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, लगभग छह ग्राम सोना और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और विभिन्न थाना-चौकी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



