NEET-UG परीक्षा विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री को भेजा इस्तीफा

NEET-UG परीक्षा विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री को भेजा इस्तीफा
नई दिल्ली/ NEET-UG परीक्षा में अनियमितताओं और पिछले 10 दिनों से जारी घटनाक्रम के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की जानकारी एक भावुक संदेश के माध्यम से दी।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितता सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच CBI को सौंपी, परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा की तिथि घोषित की गई। इसके साथ ही अगले वर्ष से परीक्षा को CBT (Computer-Based Test) मोड में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा सुचारू रूप से कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के साथ जिला प्रशासन ने मिलकर काम किया। छात्रों और अभिभावकों के सहयोग से 21 जून 2026 को पुनः परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई और 16 जुलाई को परिणाम घोषित किए गए।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उनका संकल्प था कि किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य परीक्षा माफिया के कारण खराब न हो और किसी विद्यार्थी के साथ अन्याय न हो। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों के घटनाक्रम से वे बेहद दुखी हैं और यह उनके लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश की युवाशक्ति भारत की असली ताकत है और युवाओं को भ्रम के कुचक्र में फंसने नहीं दिया जा सकता। जंतर-मंतर सहित देश में बनी स्थिति का राष्ट्रविरोधी ताकतें लाभ न उठाएं और विद्यार्थियों का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में न उलझे, इसी विचार के चलते उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा भेजने का निर्णय लिया।

धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे भविष्य में भी देश, ओडिशा की जनता और युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए समर्पित रहेंगे।



