
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन
भाजपा सरकार विपक्ष से डरी हुई, इसलिए एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है- कांग्रेस पार्टी
कवर्धा/ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने शुक्रवार को केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की बढ़ती जनस्वीकृति से घबराकर केंद्रीय एवं राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है तथा विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।
जिला महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
जिला कांग्रेस सचिव गोपाल चंद्रवंशी ने कहा कि भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्य कर रही है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अन्याय और दमन के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद से देशभर में विपक्षी नेताओं को जांच एजेंसियों के माध्यम से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार की तानाशाही के सामने झुकने वाली नहीं है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस नेताओं को एजेंसियों का भय दिखाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस सत्य और संविधान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बंद करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव वीरेंद्र जांगड़े ,कवर्धा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम साहू, लोहारा ब्लॉक सोखी साहू, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष की छवि वर्मा, प्रदेश सचिव वीरेन्द्र जांगड़े, प्रशांत परिहार, आकाश केशवानी, बृजेश चंद्रवंशी, जलेश्वर यादव, शिवप्रसाद वर्मा, मेहुल सत्यवंशी वाल्मीकि वर्मा अमन वर्मा तुषार वर्मा शिवेंद्र वर्मा गोरेलाल चंद्रवंशी सुजल ठाकुर आशीष साहू, रूपेश साहू बिट्टू यादव सहित बड़ी संख्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे



