क्राइमकवर्धाछत्तीसगढ़

भाभी की हत्या कर दुष्कर्म का झूठा एंगल देने वाली ननंद गिरफ्तार

भाभी की हत्या कर दुष्कर्म का झूठा एंगल देने वाली ननंद गिरफ्तार

कवर्धा/ कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज कुछ दिनों में सुलझा लिया है। खेत में निर्वस्त्र अवस्था में मिली महिला की हत्या को पहले दुष्कर्म से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मृतिका की ननंद ने ही पारिवारिक रंजिश के चलते अपनी भाभी की हत्या कर शव को निर्वस्त्र कर घटना को दुष्कर्म का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला 3 मई 2026 का है, जब सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर स्थित झोंकाखार खेत में 32 वर्षीय बेलसिया छेदैया का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। शव निर्वस्त्र था और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की चर्चाएं फैल गई थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतिका और उसकी ननंद मालती मरकाम के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी महिला पिछले पांच वर्षों से मायके में रह रही थी और दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब छह महीने पहले आरोपी ने मृतिका की हत्या की कोशिश भी की थी।

लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने मालती मरकाम से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने खेत में काम कर रही अपनी भाभी पर पीछे से लोहे की रपली से हमला कर हत्या की थी। हत्या के बाद उसने शव को निर्वस्त्र कर दुष्कर्म जैसा माहौल बनाने की कोशिश की ताकि पुलिस का शक किसी पुरुष या सामूहिक अपराध की ओर जाए।

पुलिस जांच में यह साफ हो गया कि मृतिका के साथ किसी प्रकार का दुष्कर्म नहीं हुआ था। पूरा मामला पारिवारिक रंजिश में की गई योजनाबद्ध हत्या का निकला। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Nohar Das Manikpuri

Founder/Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button