
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पंडरिया विधानसभा हुआ गौरवान्वित
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कनक भवन पंडरिया में आयोजित इस कार्यक्रम में सीजी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 62 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनती है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के विद्यार्थियों ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है और ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। विद्यालयों के उन्नयन, डिजिटल शिक्षा, छात्रावास निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए 10 निशुल्क बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें आगामी सत्र से कुई-कुकदुर और कुंडा क्षेत्र की छात्राओं के लिए दो नई बस सेवाएं शुरू होंगी। साथ ही “लक्ष्य” निशुल्क कोचिंग योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को CGPSC, IIT-JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंडरिया के युवाओं में अपार प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता है, जरूरत केवल सही अवसर और मार्गदर्शन की है। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू, उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।



