
गांव-गांव पहुंच रहा विकास, विधायक भावना बोहरा ने ₹65.64 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
NR NEWS 24 कबीरधाम–पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से गांव-गांव में अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों का विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में ग्राम रणवीरपुर में विधायक भावना बोहरा ने 65 लाख 64 हजार रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने नव निर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के उन्नयन कार्य, बूढ़ादेव मंदिर के सामने सामुदायिक भवन तथा माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण सहित 51 लाख 14 हजार रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, अटल समरसता भवन एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक और डिजिटल सुविधाएं और मजबूत होंगी। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, वहीं ग्रामीणों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, अधोसंरचना और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। रणवीरपुर में लोकार्पित महतारी सदन महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा। यहां महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, सामाजिक आयोजनों और स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के लिए मंच मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से ऐसे संसाधन तैयार किए जा रहे हैं जो आने वाले वर्षों तक समाज को नई दिशा देंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे विषय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन्हीं संकल्पों के साथ पंडरिया विधानसभा क्षेत्र लगातार विकास की ओर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेंद्र साहू, सरपंच श्रीमती बीसा नेताम, महतारी सदन की अध्यक्ष भारती सिन्हा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष मीना पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



