
दीपावली त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्यवाही
जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़)आगामी दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कबीरधाम द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में अक्टूबर माह में कुल 12 खाद्य नमूने लिये एवं जांच के लिए भेजा गया
इसी क्रम में दिनांक 03.10.2026 को अभिहित अधिकारी श्री मुकेश साहू के मार्गदर्शन एवं में दीपक घृतलहरे खाद्य सुरक्षा अधिकारी, फणीभूषण जायसवाल खाद्य सुरक्षा अधिकारी के द्वारा विकासखंड बोड़ला क्षेत्र स्थित मेसर्स बिकानेर स्वीट्स का निरीक्षण कर कलाकंद तथा मेसर्स सतनाम किराना स्टोर्स से मैदा एवं बेसन के कुल 03 विधिक खाद्य नमूने जांच हेतु संकलित किए गए।
इसी प्रकार दिनांक 04.10.2026 को जिला कबीरधाम के लोहारा रोड स्थित मेसर्स बादशाह दा ढाबा का CM हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पनीर एवं वेज ग्रेवी के कुल 02 विधिक खाद्य नमूने जांच हेतु संकलित किए गए।
उक्त कार्यवाही के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, कालातीत खाद्य पदार्थों का विक्रय एवं भंडारण नहीं करने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से त्यौहार के दौरान भी इस प्रकार की जांच एवं प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।






