
आधी रात से सुबह 3 बजे तक कॉम्बिंग गश्त, गुंडे-बदमाशों और संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर
कबीरधाम में पुलिस का नाइट एक्शन! गलियों से चौक-चौराहों तक चला सघन चेकिंग अभियान
कवर्धा/कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने पुलिस ने देर रात बड़ा कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के नेतृत्व में पुलिस की छह टीमों ने रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में सघन गश्त और चेकिंग की। इस दौरान गुंडे-बदमाशों और निगरानीशुदा अपराधियों की जांच के साथ संदिग्ध वाहनों और लोगों पर भी नजर रखी गई।
कबीरधाम पुलिस की रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त से शहर में असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप देखने को मिला। पुलिस ने शहर के संवेदनशील और सुनसान इलाकों में अपनी मौजूदगी बढ़ाते हुए देर रात तक सघन गश्त की।
पुलिस की छह अलग-अलग टीमों ने देवारपारा, गंगानगर, लोहाराना, आदर्श नगर, रविदास नगर, नवीन बाजार, पुराना बस स्टैंड, कंडरापारा, रेवाबंद पारा, शांति दीप कॉलोनी, पुराना मंडी परिसर, राजमहल चौक, पैठूपारा, मठपारा, यूनियन चौक, सराफा मार्केट, ट्रांसपोर्ट नगर, मल्हापारा, पालीपारा, मिनीमाता चौक और बाईपास रोड सहित कई इलाकों में कॉम्बिंग गश्त की।
अभियान के दौरान गुंडे-बदमाशों और निगरानीशुदा अपराधियों की चेकिंग की गई। पुराने एवं स्थायी वारंटों की तामिली के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं आपराधिक गतिविधियों में पूर्व में संलिप्त रहे लोगों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी भी पुलिस ने जुटाई।
पुलिस ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की। वाहनों के दस्तावेज, चालक और वाहन की जांच के साथ संदिग्ध पाए जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वालों को समझाइश भी दी गई।
हालांकि, मेडिकल स्टोर, अस्पताल या अन्य जरूरी काम से आवागमन करने वाले नागरिकों के साथ पुलिस ने संवेदनशीलता बरतते हुए आवश्यक जानकारी ली और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।









