
रायपुर में प्रतिबंधित कीटनाशक का बड़ा जखीरा बरामद, 355 क्विंटल से ज्यादा ठोस और 12 हजार लीटर से अधिक तरल कीटनाशक जब्त
रायपुर/ कृषि विभाग ने अवैध एवं प्रतिबंधित कृषि सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी रायपुर के ट्रांसपोर्ट नगर, टाटीबंध स्थित एक गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कीटनाशक, गैर-पंजीकृत कीटनाशक, अवैध बीज और उर्वरक बरामद किए हैं। कार्रवाई कृषि विभाग के संचालक राहुल देव और संचालनालय के सहायक संचालक कृषि हर्ष मिश्रा के निर्देशन में राज्य एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा की गई।
कृषि विभाग को लगातार अवैध कृषि सामग्री के भंडारण और कारोबार से संबंधित शिकायतें एवं सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रांसपोर्ट नगर, टाटीबंध क्षेत्र में स्थित एक गोदाम की औचक जांच की। यह गोदाम लकी इंडस्ट्रीज के बाजू में स्थित है और रविंद्र कुमार मित्तल से संबंधित बताया गया है।
जांच में प्रतिबंधित और गैर-पंजीकृत कीटनाशक बरामद
औचक निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम को गोदाम में बड़ी मात्रा में कीटनाशकों का भंडारण मिला। जांच में *प्रतिबंधित कीटनाशक फोरेट 10 जी* और *गैर-पंजीकृत कीटनाशक नाइट्रोबेंजीन 35 प्रतिशत* सहित अन्य कृषि रसायन पाए गए।
विभागीय कार्रवाई के दौरान कुल 355.92 क्विंटल ठोस कीटनाशक और 12 हजार 173 लीटर तरल कीटनाशक बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार प्रतिबंधित एवं गैर-पंजीकृत कृषि रसायनों का उपयोग मानव एवं पशु स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि गोदाम में केवल कृषि रसायनों का भंडारण ही नहीं किया जा रहा था, बल्कि उनकी *पैकिंग और भंडारण* का काम भी किया जा रहा था। विभाग अब इस पूरे मामले में संबंधित दस्तावेजों और कृषि सामग्री के स्रोत की भी जांच कर रहा है।
अवैध बीज और उर्वरक भी मिले
कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग की टीम को गोदाम से बड़ी मात्रा में अवैध बीज और उर्वरक भी मिले। जांच में 7.60 क्विंटल अवैध बीज बरामद किया गया है।
इसके साथ ही 22 प्रकार के कुल 531.10 क्विंटल अवैध उर्वरक भी जब्त किए गए हैं। एक ही स्थान से इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कीटनाशक, अवैध बीज और उर्वरक मिलने के बाद कृषि विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
मामले में कीटनाशी निरीक्षक द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को विधिक कार्रवाई के लिए सूचना भेज दी गई है। वहीं बीज एवं उर्वरक से संबंधित नियंत्रण अधिनियमों के प्रावधानों के तहत भी संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई है।
कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त की गई कृषि सामग्री के संबंध में दस्तावेजों और वैधता की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित गोदाम संचालक के खिलाफ प्रतिबंधित कीटनाशक, गैर-पंजीकृत कृषि रसायन, अवैध बीज एवं उर्वरक के भंडारण को लेकर लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
राज्य और जिला स्तरीय टीम ने की कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई कृषि विभाग के संचालक राहुल देव और संचालनालय के सहायक संचालक कृषि हर्ष मिश्रा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में उपसंचालक कृषि रायपुर, संचालनालय के अधिकारी एवं रायपुर जिले के कृषि निरीक्षकों की संयुक्त टीम शामिल रही।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कृषि सामग्री का भंडारण एवं कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित, गैर-पंजीकृत एवं नियमों के विपरीत कृषि सामग्री के भंडारण और बिक्री के मामलों में आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्य जब्ती:
• 355.92 क्विंटल ठोस कीटनाशक
• 12,173 लीटर तरल कीटनाशक प्रतिबंधित फोरेट 10 जी
• गैर-पंजीकृत नाइट्रोबेंजीन 35 प्रतिशत
• 7.60 क्विंटल अवैध बीज
• 22 प्रकार के 531.10 क्विंटल अवैध उर्वरक



