
नगर पंचायत पांडातराई में विकास कार्यों की समीक्षा, विधायक भावना बोहरा ने दिए सख्त निर्देश
कवर्धा/ पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत पांडातराई में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना निर्माण और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य और समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विधायक ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण, बिजली व्यवस्था में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी संचालन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उप तहसील कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा राशन कार्ड, भू-स्वामित्व कार्ड, आयुष्मान कार्ड, भूमिहीन किसानों को आर्थिक सहायता तथा पेंशन योजनाओं के समय पर लाभ वितरण जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जनता को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा विकास कार्यों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पांडातराई की जनता से किए गए वादों को पूरा करने और नगर के समग्र विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने की बात कही।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद नगर पंचायत पांडातराई में विकास कार्यों और अधोसंरचना निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है। कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि अनेक परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि पांडातराई में उप तहसील की स्थापना, सड़क निर्माण, पांडातराई बायपास, पांडातराई-फास्टरपुर मार्ग, एनएच-130ए पर हॉफ नदी में उच्च स्तरीय पुल, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, चौक-चौराहों और तालाबों का सौंदर्यीकरण, सीसी रोड एवं नाली निर्माण, पेयजल और बिजली व्यवस्था, सामुदायिक भवन तथा मुक्तिधाम निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिली है।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता सोनी, सभी वार्डों के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



