
पंडरिया-पांडातराई को विकास कार्यों की सौगात
कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र को करीब 2 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई के लिए विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों की स्वीकृति प्रदान की है। इससे दोनों नगरीय निकायों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका पंडरिया के लिए 1 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये तथा नगर पंचायत पांडातराई के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से पंडरिया नगर के प्रमुख मार्गों में हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी, सर्वसुविधायुक्त उद्यान और किड्स प्ले एरिया का निर्माण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न वार्डों में प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
वहीं नगर पंचायत पांडातराई में सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन निर्माण तथा मुक्तिधाम के उन्नयन का कार्य कराया जाएगा। इससे सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने के साथ नागरिक सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।
विधायक भावना बोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का काम करती है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगरों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।



