पंडरियाकवर्धाछत्तीसगढ़

राशन वितरण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

राशन वितरण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

कवर्धा/कबीरधाम जिले के पंडरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलीमालगी के ग्रामीणों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पिछले तीन माह का चावल एक साथ मिलना था, लेकिन अब तक वितरण नहीं किया गया है। वहीं जून माह के राशन के नाम पर हितग्राहियों के फिंगर प्रिंट तो ले लिए गए, लेकिन चावल नहीं दिया गया।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि गांव में हर माह निर्धारित समय पर राशन वितरण नहीं किया जाता और अधिकांशतः माह की 25 तारीख के बाद ही वितरण किया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार आधे हितग्राहियों को चावल कम होने का हवाला देकर राशन नहीं दिया जाता तथा उनके फिंगर प्रिंट लेकर अगले माह राशन देने की बात कही जाती है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पिछले दो माह से शक्कर और नमक का भी वितरण नहीं किया गया है, जिससे गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर से जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा संबंधित राशन दुकान संचालक को हटाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द राशन वितरण सुनिश्चित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

Nohar Das Manikpuri

Founder/Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button