पंडरियाकवर्धाछत्तीसगढ़

विधायक भावना बोहरा ने किया विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर बिजली

कवर्धा/पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उड़ियाखुर्द (कारेसरा) में विधायक भावना बोहरा ने 2 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपए की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया। इस उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के 1300 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि इस विद्युत उपकेंद्र से कारेसरा, उड़ियाखुर्द, उड़ियाकला, दनिया, बनिया, बिरनपुर, बुधवारा, खपरी, सलिहा और बचेड़ी सहित आसपास के कई गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। साथ ही अन्य उपकेंद्रों पर भार कम होने से ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी।

विधायक ने बताया कि उनके प्रयासों से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में अब तक पांच विद्युत उपकेंद्रों की स्वीकृति मिली है। इनमें बिरनपुर (गांगपुर) और उड़ियाखुर्द (कारेसरा) उपकेंद्रों का लोकार्पण हो चुका है, जबकि पौनी, कोयलारीडीह और भुवालपुर में विद्युत उपकेंद्र निर्माण कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने, खराब ट्रांसफार्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन तथा पेयजल संकट के समाधान के लिए बोर खनन जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है। अधिकारियों को भी जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ एक हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास एवं अधोसंरचना कार्यों की स्वीकृति क्षेत्र को मिली है, जिनमें कई परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और कई निर्माणाधीन हैं।

नवीन विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और किसानों को बेहतर बिजली सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिससे कृषि कार्यों के साथ-साथ ग्रामीण विकास को भी नई गति मिलेगी।

Nohar Das Manikpuri

Founder/Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button