
कवर्धा में 81 टोलियों के साथ होगा भव्य गोविंदा उत्सव
दही लूट और मटकी फोड़ के साथ राऊत नाचा, अखाड़ा और नई झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र
कवर्धा/ सर्व यादव समाज की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन पारंपरिक गोविंदा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। दही लूट और मटकी फोड़ कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए समाज की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में इस बार 81 यादवों की टोली शामिल होगी, जबकि रैली में 31 गोपी मटकियां रखी जाएंगी।
समाज के मीडिया प्रभारी संजय यादव ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर सर्व यादव समाज के पदाधिकारी और सदस्य प्रतिदिन रात में श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर में बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी 20 फीट से अधिक ऊंचाई की मटकी नहीं फोड़ी जाएगी।
गोविंदा उत्सव में कवर्धा के अलावा पंडरिया, बोड़ला, सहसपुर लोहारा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से यादव समाज के लोग शामिल होंगे। आयोजन में यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति और कला को प्रदर्शित करने के लिए राऊत नाचा और अखाड़ा प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही तालाब में तैयार की जाने वाली नई झांकी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी।
जन्माष्टमी पर महिलाओं के लिए प्रतियोगिताएं
जन्माष्टमी के दिन भी सर्व यादव समाज की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर में महिला समाज के लिए रंगोली, मेहंदी और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता होगी। इसके बाद श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
शाम को समाज की ओर से डीजे की धुन पर शहर में भव्य रैली निकाली जाएगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
बैठकों में तय हो रही सुरक्षा और रैली की व्यवस्था
संजय यादव ने बताया कि गोविंदा उत्सव को लेकर प्रतिदिन रात में मंदिर में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बैठकों में सुरक्षा व्यवस्था, रैली मार्ग, मटकी फोड़, झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा कर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होकर गोविंदा उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।









