
वाहन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा/कबीरधाम पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब एक लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी कवर्धा सहित पंडरिया, बेमेतरा और रायपुर क्षेत्रों से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया जब रणवीरपुर निवासी मनहरण सिंह क्षत्रिय ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने रविदास नगर निवासी सुनील कोसले और गंगानगर निवासी सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने कबूल किया कि वे कवर्धा, पंडरिया, बेमेतरा और रायपुर से मोटरसाइकिल चोरी कर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, होंडा शाइन, बजाज प्लेटिना सहित अन्य वाहन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से भी चोरी और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं पुलिस ने आम लोगों से अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



