
कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो से अधिक गांजा बरामद
कवर्धा/कबीरधाम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 579 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 3 लाख 52 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में थाना पिपरिया और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भारत माता चौक पिपरिया में घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हुकमी चंद चंद्रवंशी, निवासी ग्राम कान्हाभैरा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 किलो 579 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा, बाइक और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अब आरोपी को गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। कबीरधाम पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



