
कवर्धा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 90 पौवा देशी शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त
कवर्धा/कबीरधाम पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
कबीरधाम जिले में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर मरघट के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
जांच के दौरान दो व्यक्तियों को अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विनायक वर्मा और टेकराम वर्मा बताया, जो बैहरसरी गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने इनके पास से 90 पौवा देशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 16.200 बल्क लीटर है, जब्त की। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 57 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।



