
ग्राम पंचायत नेवारी में शराब दुकान के प्रस्ताव का सूचना मिलते ही महिलाओं ने किया कड़ा विरोध, कलेक्टर को सौंपा आवेदन

कवर्धा/जिला कबीरधाम के ग्राम पंचायत नेवारी में प्रस्तावित शराब दुकान खोले जाने के विरोध में ग्राम की महिलाओं ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की है। महिला समूह एवं स्वयं सहायता समूह (बीच पारा) की सदस्यों ने माननीय जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए शराब दुकान खोलने की अनुमति निरस्त करने की मांग की है।
महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण बिगड़ेगा, घरेलू हिंसा और आपसी विवाद बढ़ेंगे तथा इसका सीधा नकारात्मक प्रभाव महिलाओं, बच्चों और युवाओं पर पड़ेगा। इससे परिवारों की शांति भंग होने के साथ-साथ आर्थिक समस्याएं भी बढ़ेंगी।
आवेदन में महिलाओं ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि प्रस्तावित स्थल मुख्य सड़क एवं दुर्घटनाजनित क्षेत्र में स्थित है, जिससे सड़क हादसों की आशंका बढ़ सकती है। साथ ही यह स्थान रिहायशी बस्ती, धार्मिक व सामाजिक स्थलों, गौठान तथा स्कूल-कॉलेज के अत्यंत समीप होने के कारण ग्रामीण जीवन के लिए घातक साबित हो सकता है। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के दैनिक आवागमन में भी कठिनाई उत्पन्न होने की बात कही गई है।
महिलाओं ने यह भी आशंका जताई है कि शराब दुकान खुलने से गांव में आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होगी।
ग्रामीण महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम हित, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत नेवारी में शराब दुकान खोलने की अनुमति न दी जाए। अब सभी की नजरें जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई हैं।





