
सत्यमदास मर्डर केस: 60 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, कातिल पर इनाम घोषित
कवर्धा/ कबीरधाम जिले के कवर्धा में लालपुर नर्सरी के पास हुए डांस टीचर हत्याकांड में करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इसी वजह से अब पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा करनी पड़ी है।

दरअसल यह मामला 18 जनवरी 2026 को सामने आया था, जब लालपुर नर्सरी के पास सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया गया था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले और पेट पर चाकू से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले थे, जिससे युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
जांच के दौरान मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 26 घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई। वह पेशे से डांस टीचर बताया गया है और घटना से पहले शनिवार रात से लापता था।
मामले में थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 30/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन घटना के इतने दिन बाद भी आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से पुलिस पर सवाल भी उठ रहे हैं।
इसी को देखते हुए अब पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने उद्घोषणा जारी करते हुए आरोपी की जानकारी देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


