
आगामी होली एवं ईद/रमजान त्योहार के मद्देनज़र कबीरधाम जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं
आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील।
होलिका दहन एवं रंगोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की विशेष अपील।
दुकानदारों को वाहन पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश।
हुल्लड़बाजी, मारपीट, लड़ाई-झगड़ा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी।
कवर्धा/ दिनांक 01/03/2026 को अपने-अपने थाना/चौकी परिसरों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में थाना क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकगण, जनप्रतिनिधिगण, व्यवसायीगण (दुकानदार), ग्राम कोटवार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी को आगामी होली एवं ईद/रमजान पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील की गई। नागरिकों से पारंपरिक रूप से रंग-गुलाल लगाकर होली मनाने, नशे से दूर रहने, कीचड़, धूल एवं हानिकारक रसायनयुक्त रंग/पॉलिश आदि का प्रयोग न करने का आग्रह किया गया।
विशेष रूप से होलिका दहन (होलिका दर्शन) के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। किसी भी प्रकार से हुल्लड़बाजी, जबरन रंग लगाना, अश्लील टिप्पणी या व्यवहार, मारपीट, लड़ाई-झगड़ा, वाद-विवाद, गाली-गलौज न करने की सख्त हिदायत दी गई।
साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि तीन सवारी चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, तेज गति व बेतरतीब वाहन चलाना, शराब पीकर या नशे की हालत में वाहन चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कोटवारगण एवं नागरिकों को समझाइश दी गई कि किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति या संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल संबंधित थाना/चौकी अथवा डायल-112 के माध्यम से सूचना दें।
व्यवसायीगण (दुकानदारों) को अपनी दुकानों के सामने आने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्क्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
कबीरधाम पुलिस द्वारा सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे त्योहारों को शांति, भाईचारे एवं कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए मनाएं।



