
निराशाजनक बजट, जनता की उम्मीदों पर फिरा पानी : सुनील केशरवानी
कवर्धा – जिलाध्यक्ष जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) सुनील केशरवानी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को निराशाजनक और जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट शिक्षा, रोजगार, किसान और गरीब वर्ग की उपेक्षा का स्पष्ट प्रमाण है।
केशरवानी ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी से जूझ रहा है, लेकिन बजट में स्थायी रोजगार सृजन के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकारी स्कूल-कॉलेज, छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बजट पूरी तरह असफल रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को इस बजट से एक बार फिर निराशा हाथ लगी है।
MSP की कानूनी गारंटी, कर्ज माफी, सिंचाई और बढ़ती लागत पर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई, जिससे अन्नदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि महंगाई से त्रस्त गरीब और मध्यम वर्ग को भी इस बजट में कोई वास्तविक राहत नहीं दी गई। सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है।
सुनील केशरवानी ने कहा कि यह बजट आम जनता के हितों के खिलाफ है और केवल कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देने वाला बजट है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) इस बजट की कड़ी निंदा करती है और सरकार से जनहित में पुनर्विचार की मांग करती है।





