
कवर्धा/ कबीरधाम जिले के थाना कवर्धा अंतर्गत ग्राम दौजरी में आस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के आराध्य ठाकुर देव (देवता) की मूर्ति को बार-बार खंडित किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों ने पुलिस अधीक्षक कबीरधाम को लिखित आवेदन सौंपकर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही धनंजय चन्द्रवंशी पिता राधेलाल चन्द्रवंशी द्वारा ठाकुर देव को उनके स्थापित प्रमुख स्थान से हटाकर खंडित किया गया। पहली घटना के बाद ग्रामवासियों ने विधिवत पूजा-पाठ कर देवता को पुनः मुख्य स्थान पर स्थापित किया था तथा संबंधित व्यक्ति को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की समझाइश भी दी गई थी।
इसके बावजूद आरोपी द्वारा दोबारा ठाकुर देव को खंडित करने की घटना सामने आई। इतना ही नहीं, देवता की स्थापना के लिए ग्रामवासियों द्वारा निर्मित किए जा रहे चौरा (चबूतरा) को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब इस कृत्य का विरोध किया जाता है, तो आरोपी के घर की महिलाएं सामने आकर विवाद की स्थिति उत्पन्न कर देती हैं, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ठाकुर देव को पुनः मुख्य स्थान पर स्थापित कराने में प्रशासन सहयोग करे तथा गांव में शांति और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
यह मामला गांव में गहरी नाराजगी और संवेदनशील स्थिति का कारण बन गया है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है।





